अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन
जालौन (उत्तर प्रदेश) ऑपरेशन मुस्कान के तहत जालौन पुलिस ने देर रात ऐसा एक्शन लिया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कोतवाली क्षेत्र के जगनेबा गांव में पुलिस टीम ने अचानक दबिश देकर बंधुआ मजदूरी में फंसे मजदूरों को आज़ाद कराया। रात के सन्नाटे में हुई इस कार्रवाई ने गांव में अफरा-तफरी मचा दी।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि गांव के एक घर में बाहर से लाए गए मजदूरों को बंद करके जबरन काम कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए देर रात टीम बनाकर मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान कमरे में बंद मजदूरों को बाहर निकालते ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मजदूरों ने बताया कि उनसे जोर-जबरदस्ती काम कराया जाता था और मारपीट कर धमकाया जाता था।
पुलिस पिछले कई दिनों से एक लापता युवक की तलाश में अभियान चला रही थी। जांच के दौरान मिले साक्ष्य टीम को सीधे इसी घर तक लेकर पहुंचे और पूरी सच्चाई खुलकर सामने आ गई।कार्रवाई के दौरान कोतवाली जालौन पुलिस टीम ने 04 बंधुआ मजदूरों को आज़ाद कराया और 01 अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।वहीं पुलिस ने मजदूरों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने साफ कहा कि— बंधुआ मजदूरी में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, पूरी जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद जगनेबा गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की इस कार्रवाई की चर्चा जोरों पर है। ग्रामीणों ने पुलिस टीम की तत्काल और साहसिक कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए इसे “मानवता की जीत” बताया।
