चलती ब्रेज़ा बनी आग का गोला, तीन वर्षीय बच्ची समेत चार लोग बाल-बाल बचे - Aaj Tak Media

चलती ब्रेज़ा बनी आग का गोला, तीन वर्षीय बच्ची समेत चार लोग बाल-बाल बचे

 

अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन

 

उरई (जालौन)। उरई-एट टोल प्लाज़ा के पास गुरुवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब हाईवे पर दौड़ रही मारुति सुजुकी ब्रेज़ा (UP 93 BC 8325) अचानक आग की लपटों में घिर गई। कुछ ही पलों में कार आग के गोले में तब्दील हो गई और लगातार चार तेज धमाकों के साथ टायर फटते रहे। आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।कार में दयानंद वैदिक कॉलेज के राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. नमो नारायण, पत्रकार प्रभात दुबे, एक अन्य व्यक्ति और करीब तीन वर्षीय बच्ची नव्या सवार थीं। सभी उरई से झांसी की ओर जा रहे थे।रिलायंस पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के कुछ किलोमीटर बाद कार के बोनट से अचानक धुआं उठने लगा। चालक ने वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से भड़की कि कुछ ही सेकंड में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार सवार लोग किसी तरह बाहर निकलकर सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर पहुँच गए।

इस बीच धमाकों के कारण हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।सूचना मिलते ही एट थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुँची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह राख में बदल चुकी थी।

गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में किसी की जान नहीं गई। पुलिस वाहन में आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply