भीषण गर्मी में धुआंधार हो रही विद्युत कटौती से आम जनमानस परेशान - Aaj Tak Media

भीषण गर्मी में धुआंधार हो रही विद्युत कटौती से आम जनमानस परेशान

 

उरई (जालौन) भीषण गर्मी के चलते जनपद जालौन समेत पूरे प्रदेश में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती से आम जनमानस का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दिन में तेज धूप और रात में उमस भरी गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हालात बदतर बने हुए हैं। कई मोहल्लों और गांवों में बार-बार बिजली आने-जाने का सिलसिला जारी है, जिससे पेयजल संकट भी गहराने लगा है। इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं और छोटे कारोबारियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। रातभर बिजली न आने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की हालत सबसे ज्यादा खराब हो रही है।

लोगों का कहना है कि एक ओर तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, वहीं दूसरी ओर विद्युत विभाग पर्याप्त आपूर्ति देने में नाकाम साबित हो रहा है। कई स्थानों पर ओवरलोडिंग के चलते ट्रांसफार्मर फुंकने और लो-वोल्टेज की समस्या भी लगातार बनी हुई है। प्रदेश के कई जिलों में बिजली संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन तक होने लगे हैं। लखनऊ सहित कई शहरों में लोगों ने पावर हाउसों का घेराव कर नाराजगी जताई है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बिजली संकट पर अधिकारियों की बैठक बुलाकर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए विद्युत विभाग रोस्टर के अनुसार नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply