खेत में किसान पर हमला करने पर 4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज 

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)

 

कालपी/ जालौन तहसील क्षेत्र के ग्राम कहटा में खेत में जानवर चराने से रोकने को लेकर विवाद में दबंगों ने पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जबकि एक आरोपी ने कुल्हाड़ी से पिता के सिर पर प्रहार कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बिबेचना शुरू कर दी है।

इस घटना के वादी इंद्रपाल पुत्र शिवपाल निवासी ग्राम कहटा ने थाना आटा में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि 10 अगस्त 2026 की शाम करीब पांच बजे वह अपने पिता शिवपाल के साथ खेत पर तिली की फसल देखने गया था। वहां गांव का ही आरोपी भोला पुत्र हल्के उसके खेत में जानवर चरा रहा था। पिता शिवपाल ने भोला को खेत में जानवर चराने से मना किया तो वह गाली-गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर भोला ने हाथ में ली कुल्हाड़ी से शिवपाल के सिर पर प्रहार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिर पड़े। इंद्रपाल ने अपने पिता को बचाने का प्रयास किया तो इसी दौरान आरोपियों भोला,वीरेंद्र, राम सजीवन और सुनील लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और दोनों के साथ मारपीट करने लगे। हमले में इंद्रपाल को भी गंभीर चोटें आईं।शोर सुनकर पास के खेतों से लोग मौके पर पहुंचे और आरोपियों को ललकारते हुए बचाया।पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a Reply