कोंच जालौन कोंच तहसील क्षेत्र के ग्राम जमरोही पिरौना निवासी 26 वर्षीय युवक को खेत से घर लौटते समय रास्ते में सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर साथी ने उसे एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जमरोही निवासी रामराजा पुत्र घनश्याम अहिरवार अपने साथी सचिन्द्र सिंह के साथ खेत पर काम करने गए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों बुधवार देर रात करीब 9:30 बजे पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक रामराजा को सांप ने काट लिया। सांप के काटने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।
रामराजा की स्थिति देखकर उनके साथी सचिन्द्र सिंह ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और उन्हें उपचार के लिए सीएचसी कोंच पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक का उपचार शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में अपेक्षित सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।
