कोंच (जालौन) कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने युवक पर मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने, ब्यूटी पार्लर में घुसकर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले में बुधवार दोपहर 1:30 बजे मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासिनी महिला ने बताया कि कुंवरपुरा निवासी निखिल पटेल कथित तौर पर महिला को आए दिन फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देता है। महिला का आरोप है कि 9 सितंबर 2026 की शाम करीब चार बजे निखिल पटेल तिलक नगर स्थित कंजड़ बाबा के पास उसके ब्यूटी पार्लर में पहुंचा और अंदर घुसकर गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि युवक ने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ा और छेड़खानी की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायतकर्ता ने आरोपी पर कुंवरपुरा में गांजा बेचने के अवैध कारोबार में संलिप्त होने का भी आरोप लगाया है। महिला ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
