कोंच (जालौन) नगर के मालवीय नगर मोहल्ले में बुधवार दोपहर किराने की दुकान खोलते समय बोरी के पीछे बैठे सांप ने एक युवक की उंगली में काट लिया। सांप के डसने से युवक घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास मौजूद लोग घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार मालवीय नगर निवासी 37 वर्षीय नितेन्द्र राठौर पुत्र कमलेश कुमार किराने की दुकान संचालित करते हैं। बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे वह रोजाना की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। दुकान खोलने के दौरान वह सामान व्यवस्थित कर रहे थे। इसी बीच दुकान में रखी एक बोरी के पीछे बैठे सांप ने अचानक उनकी उंगली में काट लिया।
सांप के काटते ही नितेन्द्र की हालत बिगड़ने लगी और उन्होंने घटना की जानकारी आसपास मौजूद लोगों को दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया और उसकी स्थिति पर निगरानी रखी।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नितेन्द्र को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज रवाना हो गए। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भी सांप को लेकर दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने दुकानदारों से दुकान खोलते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
