Loading market...

नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से मचा कोहराम

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कदौरा जालौन

 

कदौरा/जालौन थाना क्षेत्र के ग्राम हासा निवासी ज्योति पत्नी सूर्यकुमार उर्फ शीलू उम्र 25 की शादी के महज चार महीने बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बीती रात्रि ससुरालीजन आनन-फानन में विवाहिता को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मायके में कोहराम मच गया मृतका की मां ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या करने और उसे आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप भी लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई

प्राप्त जानकारी के अनुसार मरगाया निवासी विजेता देवी ने अपनी बेटी ज्योति देवी की शादी हासा निवासी सूर्य कुमार उर्फ शीलू के साथ 20 अप्रैल 2026 को की थी अपनी सामर्थ्य अनुसार उसने दान दहेज दिया था मृतक की मां विजेता देवी ने रोते-बिलखते हुए बताया कि उसके पति कल्लू वर्मा उस समय बीमार रहते थे और अभी एक महीने पहले ही उनकी मौत हुई थी शादी के कुछ दिन बाद से ही पति व उसके अतिरिक्त परिजन दहेज की मांग को लेकर ज्योति को प्रताड़ित करने लगे।

आरोपियों द्वारा लगातार मोटरसाइकिल, फ्रिज, कूलर सोने के चेन ,एक भैंस आदि की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन आए दिन उसके साथ मारपीट करते थे। मां का दावा है कि आरोपियों ने दहेज की लालसा में बेटी की हत्या करने के बाद उसे फांसी के फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मृतका के गले पर फांसी के फंदे जैसे स्पष्ट निशान नहीं थे, बल्कि उसके मुंह और नाक से खून निकल रहा था और पीठ तथा मुंह पर चोट के निशान थे जो हत्या की ओर इशारा करता है।

घटना की रात करीब दो बजे जब ससुरालीजन मृतका को लेकर अस्पताल पहुंचे और वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया, तो मामले को छिपाने का प्रयास किया जाने लगा। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की सूझबूझ से तत्काल इसकी सूचना थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी जालौन अजय कुमार सिंह और थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद नायब तहसीलदार चंद्रमोहन शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है

वही इस संबंध में थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच पड़ताल की जा रही है। मायके पक्ष की ओर से मिलने वाली लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply