जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)।
कालपी/जालौन हाल ही में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान के बाद किसानों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया एसडीएम विनय कुमार मौर्य के निर्देश पर तेजी से चल रही है। कालपी तहसील क्षेत्र में अब तक 7,575 प्रभावित किसानों को साढ़े पांच करोड़ रुपये से अधिक की शासकीय आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। शेष किसानों को भी मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
तहसीलदार श्रीष कुमार मिश्रा ने बताया कि पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश से कालपी तहसील क्षेत्र में करीब 8,415 हेक्टेयर कृषि भूमि पर खड़ी फसलें प्रभावित हुई थीं। इससे लगभग 10 हजार किसानों की तिल्ली, ज्वार, बाजरा सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा था।
फसलों की क्षति का आकलन करने के लिए नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षकों एवं क्षेत्रीय लेखपालों की टीमों द्वारा गांव-गांव सर्वे कराकर रिपोर्ट तैयार की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रभावित किसानों का विवरण सरकारी पोर्टल पर फीड कराया गया।
तहसीलदार श्रीष कुमार मिश्रा के अनुसार अब तक 9,193 प्रभावित किसानों के फसलों के नुकसान का विवरण फीड किया जा चुका है। वहीं 28 अक्टूबर तक 7,575 किसानों के खातों में कुल 5 करोड़ 35 लाख 57 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जा चुकी है। शेष पात्र किसानों को भी शीघ्र भुगतान कराने की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने बताया कि सभी पात्र प्रभावित किसानों को फसल क्षति के अनुरूप सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए राजस्व विभाग लगातार कार्य कर रहा है।
फोटो – राजस्व कर्मचारियो के साथ जुटे तहसीलदार
