जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी जालौन
कालपी/जालौन उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ योजना पर बैंक प्रबंधक पलीता लगाने में जुटे हैं। योजना के तहत स्वरोजगार स्थापित करने के लिए लोन आवेदन करने वाली एक महिला को बैंक शाखा प्रबंधक द्वारा कथित तौर पर परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। बैंक प्रबंधक पर ‘सीजीएफएमयू कवरेज’ का बहाना बनाकर बिना ठोस कारण के लोन रोकने और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) पर की गई शिकायत का फर्जी निस्तारण करने का गंभीर आरोप लगा है।
उक्त प्रकरण को लेकर कालपी तहसील क्षेत्र के ग्राम व पो० मंगरौल मुस्तकिल की मूल निवासी और हाल निवासिनी मोहल्ला कागजीपुरा, कालपी निवासिनी महिला अर्चना पत्नी सर्वेश ने उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि प्रार्थिनी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत टेंट हाउस खोलने के लिए 13 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की कालपी शाखा में आवेदन किया था। उनके आवेदन की संख्या 2526341654719 है। संबन्धित बैंक शाखा के प्रबंधक ने ‘सीजीएफएमयू कवरेज’ का अवैध बहाना बनाते हुए आवेदन को विचार योग्य न होने का हवाला देकर रोक दिया।बैंक प्रबंधक के इस रवैये से परेशान होकर पीड़िता ने दिनांक 16-11-2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी शिकायत संख्या 92616500043079 पीड़िता का आरोप है कि बैंक मैनेजर द्वारा इस मामले में गलत तरीके से फर्जी निस्तारण कर दिया गया है।
पीड़िता महिला ने प्रमुख सचिव से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण को संज्ञान में लिया जाए तथा बैंक मैनेजर की मनमानी और फर्जी निस्तारण की जांच कराकर उसे उचित न्याय दिलाया जाए, ताकि सरकारी योजना का लाभ समय पर मिल सके।
