डीएम-एसपी के आश्वासन पर खत्म हुई जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल - Aaj Tak Media

डीएम-एसपी के आश्वासन पर खत्म हुई जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल

 

अमित गुप्ता

उरई जालौन

 

उरई (जालौन) राजकीय मेडिकल कॉलेज में पिछले दो दिनों से चल रही जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई। डॉक्टरों और तीमारदारों के बीच हुए विवाद के बाद शुरू हुए इस घटनाक्रम का समाधान प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद निकल आया। हड़ताल समाप्त होने के बाद मेडिकल कॉलेज की ओपीडी, इमरजेंसी और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं दोबारा सुचारु रूप से संचालित होने लगी हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने जूनियर डॉक्टरों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। डॉक्टरों ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग रखी। प्रशासन की ओर से सकारात्मक कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने का आश्वासन मिलने के बाद डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार समाप्त कर दिया।हड़ताल खत्म होने से मरीजों और उनके परिजनों ने राहत महसूस की। पिछले दो दिनों से ओपीडी सेवाएं प्रभावित होने के कारण बड़ी संख्या में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सेवाएं बहाल होने के बाद मेडिकल कॉलेज में मरीजों की आवाजाही फिर से सामान्य हो गई।इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, सीएमएस समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने अस्पताल परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की बात कही है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार अब अस्पताल का माहौल सामान्य है और सभी स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।

Leave a Reply