महिला एवं पुरुष बेरोजगार अभ्यर्थियों को मिलेगा रोजगार का अवसर
संवाददाता — कानपुर देहात
जिला सेवायोजन अधिकारी शशि तिवारी ने बताया कि मिशन रोजगार अभियान के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, कानपुर देहात एवं शकुन्तला कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
यह रोजगार मेला दिनांक 18 दिसंबर 2025 को शकुन्तला कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, बहावलपुर, सिकंदरा, कानपुर देहात में प्रातः 11:00 बजे से आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
रोजगार मेले में आईटीआई, नॉन-आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक प्रमाण-पत्रों एवं बायोडाटा की छायाप्रति साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि सेवायोजन विभाग द्वारा विकसित नवीन पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर जॉब सीकर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। जनपद के अन्य इच्छुक अभ्यर्थी भी पोर्टल पर पंजीकरण कराकर करियर काउंसलिंग, रोजगार मेला एवं कैंपस प्लेसमेंट जैसी सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले में प्रतिभाग कर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
