कोंच, जालौन। कोतवाली क्षेत्र के पंचानन चौराहे पर मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय किसान संजीव पटेल उर्फ बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम भदेवरा निवासी संजीव पटेल बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने चालक की लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया और मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा।

सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुलवाया गया।
मृतक संजीव पटेल छोटे किसान थे और परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
