कोंच (जालौन) क्षेत्र में बिजली की कम आपूर्ति को लेकर किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है इसी समस्या को लेकर दिन शुक्रवार भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष चतुर सिंह पटेल के नेतृत्व में किसानों ने उपजिलाधिकारी ज्योति सिंह को एक ज्ञापन सोंपते हुए बताया कि तहसील के गांवों में इस समय किसानों ने मूंग की फसल की बुवाई कर रखी है वहीं गेहूं की फसल में भी इस समय सिंचाई की आवश्यकता है क्षेत्र के अधिकांश किसान ट्यूबवेल और विद्युत आपूर्ति पर निर्भर हैं लेकिन पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण सिंचाई प्रभावित हो रही है।
किसानों का कहना है कि बिजली की सप्लाई कम होने के कारण उन्हें रात-रात भर बिजली आने का इंतजार करना पड़ रहा है इसके बावजूद कई किसानों को समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है जिससे उनकी फसल प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है किसानों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग कम सप्लाई और ओवरलोड का हवाला देकर समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है जिससे किसान बेहद परेशान हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है किसानों ने एसडीएम से मांग की है कि विद्युत विभाग को निर्देश देकर क्षेत्र में पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए ताकि किसान अपनी फसलों की समय पर सिंचाई कर सकें और उत्पादन प्रभावित न हो।
भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष चतुर सिंह पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो किसान संगठन आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा।
एसडीएम ज्योति सिंह ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मामले को संबंधित विभाग तक पहुंचाने और समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
