जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन) बीती शाम को स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लमसर में खेत से चारा काटकर घर लौट रहे 25 वर्षीय युवक को रास्ते में सर्प ने डस लिया। सर्पदंश से युवक की हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लमसर निवासी वीर सिंह पाल (25) पुत्र जगत सिंह पाल शुक्रवार सुबह खेत से चारा काटकर घर लौट रहा था। रास्ते में नाला पार करते समय पानी में मौजूद सर्प ने उसे डस लिया। घटना के बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए सीएचसी कालपी ले गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल सचान ने युवक का परीक्षण किया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका उपचार शुरू किया। युवक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया।
