अमित गुप्ता
कालपी जालौन
कालपी /जनपद जालौन के आटा थाना क्षेत्र के ग्राम इटौरा में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला ने अपनी ही चार वर्षीय मासूम बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद महिला ने गुस्से में आकर अपनी मासूम बेटी को मौत के घाट उतार दिया। रात के समय हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची आटा थाना पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं और मासूम बच्ची की मौत को लेकर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
