अमित गुप्ता
उरई जालौन
उरई (जालौन) जनपद जालौन के चुर्खी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नसीरपुर में शराब का ठेका खोले जाने की सूचना पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को ग्राम नसीरपुर के देवेन्द्र दाऊ, राम खिलावन, रामरतन, बड़ी बहू, दीपिका, कुसुम देवी, अन्नपूर्णा, गोरन सिंह, वीर सिंह, रामू पट्टीदार, महाराज सिंह आदि ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए गांव में
शराब ठेका न खोले जाने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब का ठेका खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा तथा युवाओं पर इसका गलत प्रभाव पड़ेगा। महिलाओं ने भी विरोध जताते हुए कहा कि शराब बिक्री शुरू होने से गांव में आए दिन विवाद, मारपीट और घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि गांव की आबादी के बीच शराब ठेका खोलने की अनुमति न दी जाए। यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
