Loading market...

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला ग्रामीण का खून से लथपथ शव, गांव में पसरा मातम

 

कोंच (जालौन) कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरोदा कला में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 58 वर्षीय ग्रामीण का खून से लथपथ शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

ग्राम बरोदा कला निवासी रामप्रकाश अहिरवार (58) शनिवार सुबह घर से निकले थे। सुबह करीब 5 बजे ग्रामीण रोजाना की तरह कूड़ा-बरोदा कला मार्ग पर टहलने के लिए निकले। इसी दौरान उन्हें प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क पर एक एमिटी लूना बाइक पड़ी दिखाई दी। आसपास नजर डालने पर कुछ दूरी पर रामप्रकाश अहिरवार का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल मृतक के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर मृतक के पुत्र दिनेश मौके पर पहुंचे। पिता की हालत देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। दिनेश ने घटना की सूचना पुलिस को दी और पिता की मौत को लेकर हत्या की आशंका भी जताई सूचना मिलते ही कैलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामला संदिग्ध परिस्थितियों का होने के चलते पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की जांच की।

कैलिया थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना में मौत का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, बाइक की स्थिति और अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रामप्रकाश की मौत सड़क हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।

Leave a Reply