जिला पुरुष अस्पताल में ठेकेदार की खुली लूट,सरकारी पर्चा एक रुपए का, बाइक स्टैंड किराया दस रुपए - Aaj Tak Media

जिला पुरुष अस्पताल में ठेकेदार की खुली लूट,सरकारी पर्चा एक रुपए का, बाइक स्टैंड किराया दस रुपए

 

अमित गुप्ता

उरई जालौन

 

उरई (जालौन) जिला पुरुष अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों से पार्किंग शुल्क के नाम पर खुली वसूली का मामला सामने आया है। जहां एक ओर सरकार गरीबों को सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर अस्पताल परिसर में ठेकेदार मनमानी पर उतारू हैं।

अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को जहां सरकारी पर्चा मात्र एक रुपए में उपलब्ध कराया जाता है, वहीं बाइक स्टैंड पर वाहन खड़ा करने के एवज में दस रुपए वसूले जा रहे हैं। इससे मरीजों और तीमारदारों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

लोगों का कहना है कि अस्पताल में अधिकांश मरीज गरीब और ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। ऐसे में पार्किंग के नाम पर अधिक शुल्क वसूलना उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि स्टैंड संचालक द्वारा निर्धारित दरों की जानकारी भी स्पष्ट रूप से नहीं लगाई गई है।

मरीजों के परिजनों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर पार्किंग शुल्क में पारदर्शिता लाने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल जैसी जगह पर ठेकेदारों द्वारा मनमानी वसूली पर रोक लगनी चाहिए, ताकि गरीब मरीजों को राहत मिल सके। वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पार्किंग व्यवस्था ठेके पर संचालित की जाती है। यदि निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली की शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply