जनसुनवाई में साकार हुआ मिशन शक्ति 5.0 का संकल्प

जनपद जालौन, 25 सितम्बर 2025 – सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ

दिव्यांग मां-बेटी का शिक्षा और आवास का सपना हुआ पूरा

जनपद में मिशन शक्ति 5.0 अभियान निरंतर नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की अलख जगा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की जनसुनवाई के दौरान संवेदनशीलता और मानवता का प्रेरक उदाहरण सामने आया।

उमरारखेड़ा निवासी दिव्यांग देवेन्द्र प्रताप सिंह, उनकी पत्नी क्रांति देवी और पुत्री निहारिका गौतम अपनी समस्या लेकर जनसुनवाई में पहुंचे। बाहर खड़ी क्षेत्राधिकारी उरई अर्चना सिंह ने दिव्यांग दंपत्ति को देखकर तत्काल सहारा दिया और उन्हें जिलाधिकारी तक पहुंचाया।

जैसे ही वे जनसुनवाई कक्ष में पहुंचे, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार ने अपनी कुर्सी छोड़कर दिव्यांग मां-बेटी को सम्मानपूर्वक बैठाया। जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उनकी समस्या ध्यानपूर्वक सुनी।

प्रार्थना पत्र में दंपत्ति ने बताया कि उनकी पुत्री निहारिका, जो कक्षा 10 की छात्रा है, की फीस भरने में वे असमर्थ हैं और परिवार के पास रहने के लिए आवास भी नहीं है।

इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को छात्रा की पढ़ाई सुनिश्चित कराने तथा आवास उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने आदेश दिया कि शाम तक समस्त कार्यवाही पूर्ण कर परिवार को आवास एवं आवश्यक प्रबंधन उपलब्ध कराए जाएं।

यह पहल मिशन शक्ति 5.0 की वास्तविक भावना को जीवंत करती है, जहाँ शासन-प्रशासन केवल योजनाओं तक सीमित न रहकर संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंद महिलाओं और बालिकाओं के सपनों को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply