अमित गुप्ता
जालौन कदौरा
कदौरा (जालौन) थाना क्षेत्र कदौरा में बुधवार दोपहर सोनी पेट्रोल पंप के सामने एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा भेजा गया।
बताया गया कि घायल की पहचान प्रदीप (36 वर्ष) निवासी कदौरा क्षेत्र के रूप में हुई है। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।
फिलहाल अंकित चौरसिया ने पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
