परिवार परामर्श केंद्र शुरू, अब स्थानीय स्तर पर सुलझेंगे पारिवारिक विवाद
कोंच (जालौन) पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए जालौन पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। कोंच कोतवाली परिसर में रविवार दोपहर एक बजे पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने परिवार परामर्श केंद्र का उद्घाटन किया। केंद्र शुरू होने से पति-पत्नी के विवाद समेत अन्य पारिवारिक मामलों से जुड़े लोगों को अब जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की काउंसलिंग के माध्यम से सुनवाई की जाएगी। इसमें दोनों पक्षों की समस्याओं और शिकायतों को समझने के बाद आपसी संवाद, समझ और सहमति के आधार पर विवाद सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य है कि परिवारों में उत्पन्न मतभेदों का समय रहते समाधान हो और रिश्तों में आई दूरियां कम की जा सकें।
केंद्र के संचालन के लिए नगर के सामाजिक क्षेत्र से जुड़े पीडी रिछारिया, डॉ. सावित्री गुप्ता, पूर्व मेम्बर मुहम्मद जाहिद और रजनी डेगरे को काउंसलर बनाया गया है। काउंसलर पारिवारिक मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनेंगे और विवाद के शांतिपूर्ण समाधान तथा समझौते की संभावनाओं पर काम करेंगे।
उद्घाटन के दौरान एसपी विनय कुमार सिंह ने कहा कि परिवार परामर्श केंद्र का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक विवादों का स्थानीय स्तर पर समाधान कराना है। इससे लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी और विवादों को बढ़ने से पहले ही बातचीत के माध्यम से सुलझाने का अवसर मिलेगा।
पुलिस की इस पहल से कोंच क्षेत्र के लोगों को पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर एक नई सुविधा उपलब्ध हुई है। केंद्र के माध्यम से परिवारों में आपसी समझ और सामंजस्य बढ़ाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाने की उम्मीद है।इस मौके पर सीओ परमेश्वर प्रसाद एस एस आई विमलेश कुमार अशोक वर्मा क्राइम कामता प्रसाद चौकी इंचार्ज राकेश अभिषेक कुमार सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
