जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कदौरा जालौन
कदौरा/जालौन हाई कोर्ट में विचाराधीन है जमीन का मामला, पुरानी रंजिश में चले लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी , एक की हालत नाजुक, कानपुर रेफर; 8 नामजद आरोपियों पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
कदौरा – थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना में सोमवार विवादित प्लाट पर दरवाजा निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मुख्य घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सीएचसी से जिला अस्पताल और वहां से कानपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मामले में आठ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बबीना निवासी राम शंकर सिंह और जगतपाल सिंह के बीच एक प्लाट को लेकर बीते करीब चालीस वर्षों से विवाद चल रहा है, जिसका मामला वर्तमान में भी माननीय उच्च न्यायालय (हाई कोर्ट) में लंबित है।
सोमवार सुबह राम शंकर सिंह के भतीजे राजकुमार पुत्र हरेंद्र सिंह अपने घर से इसी विवादित प्लाट की तरफ दरवाजा निकाल रहे थे। इसकी भनक जैसे ही दूसरे पक्ष के जगतपाल के पुत्र संतोष उर्फ संतू को लगी, वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंच गया और विरोध जताने लगा। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला उग्र मारपीट में बदल गया। संतोष पक्ष के लगभग आठ लोग लाठी-डंडे और धारदार कुल्हाड़ी से लैस होकर पहुंचे और राम शंकर सिंह के पुत्र चंद्र कुमार पर सीधा हमला कर दिया। ताबड़तोड़ प्रहारों से चंद्र कुमार वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए दौड़े उसके भाई विजय सिंह पर भी हमलावरों ने दया नहीं दिखाई और उन पर भी लाठियां बरसाकर घायल कर दिया।दोनों भतीजों को पिटता देख जब उनके चाचा सुरेंद्र पाल सिंह बीच-बचाव के लिए आगे आए, तो हमलावरों ने उन पर ईंटों से हमला बोल दिया, जिससे वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण एकत्र होने लगे, जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद परिजन सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। डॉक्टरों ने चंद्र कुमार के सिर पर आई गंभीर और जानलेवा चोटों को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी चंद्र कुमार की हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे उच्च इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
घायल चंद्र कुमार के भाई सूर्य कुमार की लिखित तहरीर के आधार पर कदौरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संतोष कुमार उर्फ संतू, लखन सिंह पुत्र जगतपाल सिंह , निखिल सिंह पुत्र स्व अंशु सिंह, शिवम् सिंह पुत्र संतोष सिंह, रवि सिंह व आशीष सिंह पुत्र होशियारी सिंह, शिव पाल सिंह पुत्र स्व जसवंत सिंह निवासी बबीना तथा शुभम सिंह पुत्र अरुण प्रताप सिंह निवासी बरेडा थाना अजीतमल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 3/5, 109, 115(2), 117(2), 118(2) तथा 351(3) के तहत संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।वही इस विषय में
थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि दो पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष की सूचना मिली थी। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपियों को हिरासत में ले लिया जाएगा।
