कोंच (जालौन) दिन रविवार को 1 बजे ग्राम पचीपुरी स्थित प्राथमिक विद्यालय में रविवार को मिशन शक्ति केंद्र के तहत नारी शक्ति और नारी सम्मान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस की मदद लेने की अपील की।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, सीओ परमेश्वर प्रसाद, ग्राम प्रधान अवधेश पटेल, एसएसआई विमलेश कुमार, अशोक कुमार वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मिशन शक्ति प्रभारी पूनम यादव ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार और पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। महिलाएं बाजार, स्कूल, कॉलेज या किसी अन्य स्थान पर आते-जाते समय किसी प्रकार की परेशानी महसूस करें तो सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल कर पुलिस से सहायता ले सकती हैं।
एस पी विनय कुमार ने कहा कि महिलाओं को साइबर अपराध के प्रति भी विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। वर्तमान समय में साइबर ठगी और अन्य साइबर अपराधों के मामले बढ़ रहे हैं, ऐसे में महिलाओं को अपने मोबाइल, बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए। किसी अनजान व्यक्ति के साथ संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए और संदिग्ध लिंक या मैसेज पर क्लिक करने से बचना चाहिए।
मिशन शक्ति प्रभारी ने कहा कि यदि किसी महिला का शारीरिक या मानसिक शोषण हो रहा है, उसके साथ छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी अन्य प्रकार की हिंसा की जा रही है तो वह चुप न रहे। ऐसी स्थिति में परिजनों को जानकारी देने के साथ ही पुलिस से तत्काल मदद लेनी चाहिए, ताकि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी परेशानी में महिलाएं बिना झिझक पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान मौजूद महिलाओं और बालिकाओं ने भी सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी ली।
