कपड़े व जूते मिलने के बाद परिजनों ने जताई थी डूबने की आशंका, घाट किनारे मिला शव
जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन तहसील क्षेत्र के ग्राम मंगरौल निवासी वृद्ध किसान राम आसरे पांडेय पुत्र नाथूराम पांडेय की नून नदी नाले में डूबने से मौत हो गई। वह शनिवार को रोज की तरह जानवर चराने के लिए खेतों की ओर गए थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो नून नदी नाले के समीप उनके कपड़े और जूते मिले। इसके बाद परिजनों ने नाले में डूबने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक रामजी लाल, उपनिरीक्षक सुनील कुमार सहित पुलिस टीम को वृद्ध की तलाश में लगाया। पुलिस टीम ने देर तक आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की। वहीं नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक राजेन्द्र कुमार सोनी, क्षेत्रीय लेखपाल विनय कुमार ने भी स्थलीय निरीक्षण कर एसडीआरएफ टीम को आवश्यक निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी कालपी विनय कुमार मौर्य ने मौके का निरीक्षण करते हुए फायर ब्रिगेड एवं एसएचओ कालपी को बचाव और खोज अभियान शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये गये थे। खोजबीन के दौरान वृद्ध का शव घाट किनारे बरामद हुआ। परिजनों ने शव की शिनाख्त राम आसरे पांडेय के रूप में की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
फोटो – नून नदी का घटना स्थल पर मौजूद
