जिला संवाददाता अमित गुप्ता
उरई जालौन
उरई (जालौन) शहर के नया पटेल नगर स्थित चौरसी रोड वार्ड नंबर 18 में सड़क पर जलभराव और गंदे पानी की निकासी की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। इस समस्या को लेकर मोहल्ला निवासी अतुल सिंह सेंगर ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में अतुल सिंह सेंगर, रिजवाना,दीन मुहम्मद, रेखा, रंजना सिंह, रजनी, रोशनी, माया, रामहेत, फूल सिंह, वीरेंद्र, कमलेश, आरती ने बताया कि उनके मोहल्ले के मुख्य रास्ते पर कई दिनों से लगातार गंदा पानी जमा हो रहा है। नालियों की निकासी व्यवस्था ठीक न होने के कारण बारिश और नालियों का गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। इससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सड़क पर जलभराव होने से स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। वहीं, घरों के सामने कीचड़ और गंदगी जमा होने से लोगों को निकलने में दिक्कत होती है। सड़क पर गहरे गड्ढे होने और पानी भरा रहने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है।मोहल्लेवासियों की इस समस्या को गंभीर बताते हुए उन्होंने जिलाधिकारी से संबंधित विभाग को तत्काल निर्देशित कर सड़क पर जलभराव की समस्या दूर कराने, नालियों की सफाई और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
