Loading market...

हाईवे की 63 किमी सड़क की मरम्मत में जुटा प्राधिकरण

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)

 

कालपी/ जालौन बीते माह लगातार हुई बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुई उरई-बारा हाईवे की सड़क को दुरुस्त करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य तेज कर दिया है। परियोजना प्रबंधक उत्तम सिंह की देखरेख में 63 किलोमीटर लंबे हाईवे की मरम्मत के साथ सड़क पर कंक्रीट की परत डालने का काम भी कराया जा रहा है।

गौरतलब है कि बारिश के दौरान उरई से बारा के बीच हाईवे पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे और सड़क क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की खराब स्थिति से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी समीर वर्मा ने संबंधित संस्था के इंजीनियरों को सड़क की मरम्मत कराने के आवश्यक निर्देश दिए थे।

इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना प्रबंधक उत्तम सिंह के निर्देशन में मरम्मत कार्य में तेजी लाई गई है। संस्था के प्रबंधक इंगलेश शर्मा ने बताया कि उरई से बारा के बीच 63 किलोमीटर लंबे हाईवे की मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है। प्रतिदिन करीब 500 से 700 मीटर सड़क को दुरुस्त करने का लक्ष्य लेकर कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सड़क की मरम्मत पूरी होने के बाद वाहन चालकों को आवागमन में राहत मिलेगी और हाईवे पर यातायात सुगम हो सकेगा। परियोजना प्रबंधक उत्तम सिंह के मुताबिक, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए संस्था की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

 

फोटो – हाईवे की क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत में जुटे कर्मचारी।

Leave a Reply