Loading market...

हाईवे में दो ब्लैक स्पॉट पर बने मिनी गति अवरोधक बन जाने से हादसों पर लगेगा अंकुश

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)

 

कालपी/जालौन राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालपी नगर के दो प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर हादसों की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कार्यदाई संस्था द्वारा मिनी गति अवरोधकों का निर्माण कराया गया है। लंबे समय से तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका झेल रहे स्थानीय लोगों को इस पहल से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

उल्लेखनीय है कि कालपी नगर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित दुर्गा मंदिर चौराहा तथा अमलतास तिराहा लंबे समय से दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील स्थान बने हुए हैं। इन दोनों स्थानों पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। कई वाहन चालक तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों, राहगीरों और मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को सड़क पार करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। तेज गति के चलते इन स्थानों पर आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।इस गंभीर समस्या को लेकर नगरवासियों ने मंडलायुक्त कृष्ण कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी सदानंद सिंह के समक्ष मामला उठाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की थी। नागरिकों ने विशेष रूप से दुर्गा मंदिर चौराहा तथा अमलतास तिराहे पर मिनी गति अवरोधक बनवाने की आवश्यकता बताई थी, ताकि वाहन चालक इन स्थानों पर पहुंचते ही अपनी गति कम कर सकें। अधिकारियों ने संबन्धित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कार्यदाई संस्था ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों दुर्घटना संभावित स्थलों पर मिनी गति अवरोधकों का निर्माण कार्य कराया। कार्यदाई संस्था के प्रबंधक इंग्लेश शर्मा की मौजूदगी में दुर्गा मंदिर चौराहा तथा अमलतास तिराहे पर यह कार्य संपन्न कराया गया।

मिनी गति अवरोधकों के निर्माण से अब इन दोनों स्थानों पर तेज रफ्तार वाहनों की गति नियंत्रित होने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है। दुर्गा मंदिर के मुख्य पुजारी राजेंद्र द्विवेदी महाराज सहित मंदिर के भक्तों एवं स्थानीय नागरिकों ने इस पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का आभार जताया है।

नागरिकों का कहना है कि इन दोनों स्थानों पर लंबे समय से गति नियंत्रण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

 

फोटो – हाइवे में कार्यदाई संस्था की टीम

Leave a Reply