Loading market...

नहर में डूबे दूसरे युवक का भी मिला शव, दो परिवारों में मचा कोहराम

 

कोंच (जालौन) मंगलवार को नहर में नहाने के दौरान डूबे दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मंगलवार देर शाम रेस्क्यू अभियान के दौरान 35 वर्षीय मोहन का शव मिलने के बाद बुधवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कुछ देर की तलाश के बाद दूसरे युवक 19 वर्षीय राजा निवासी ग्राम डोंगरा, जनपद ललितपुर का शव भी नहर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों युवकों की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

गौरतलब है कि ग्राम परैथा निवासी सूरज सिंह की मां नंदबाई का निधन हो गया था। मंगलवार को अंतिम संस्कार के बाद दोनों युवक कोंच-पहाड़गांव मार्ग स्थित परैथा नहर पुल के पास पहुंच गए थे। बताया जाता है कि इसी दौरान राजा नहर में नहाने लगा और पानी की गहराई में जाने के कारण डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके साथी मोहन ने भी नहर में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी गहरे पानी में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। काफी तलाश के बाद मंगलवार देर शाम मोहन का शव बरामद हुआ, जबकि बुधवार सुबह दूसरे युवक राजा का शव भी मिल गया। दोनों युवकों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply