Loading market...

ड्रग इंस्पेक्टर की छापेमारी से मेडिकल स्टोर संचालकों में मचा हड़कंप

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)

 

कालपी/ जालौन स्थानीय नगर में नकली एवं एक्सपायरी दवाइयों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए औषधि विभाग ने अपना अभियान तेज कर दिया है। जनपद की औषधि निरीक्षक रेखा सचान के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कालपी नगर के करीब आधा दर्जन मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। औषधि विभाग की टीम के अचानक पहुंचने से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। जांच अभियान की भनक लगते ही कई मेडिकल स्टोर संचालक अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिराकर मौके से गायब हो गए।

मंगलवार की दोपहर को औषधि निरीक्षक रेखा सचान की अगुवाई में विभागीय टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालपी के सामने स्थित मेडिकल स्टोरों की जांच की। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों के लाइसेंस की वैधता, दवाइयों के रखरखाव और उपलब्धता स्टॉक की बारीकी से पड़ताल की गई। टीम ने विशेष रूप से एक्सपायरी दवाइयों तथा जीवनरक्षक दवाओं के स्टॉक का निरीक्षण किया। इसके अलावा दवाइयों की खरीद और बिक्री से संबंधित बिल एवं इनवॉइस भी चेक किए गए, ताकि दवाइयों की खरीद-फरोख्त का सही रिकॉर्ड सुनिश्चित किया जा सके। औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि दवाइयों की बिक्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से खांसी, जुकाम और बुखार के सिरप सहित ऐसी दवाइयां, जिनकी बिक्री के लिए चिकित्सक का परामर्श आवश्यक है, उन्हें बिना डॉक्टर के पर्चे के मरीजों को न दिया जाए। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देशित किया कि दवाइयों की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें तथा एक्सपायरी दवाइयों को बिक्री योग्य स्टॉक से अलग रखे।टीम के नगर में पहुंचते ही मेडिकल कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गयी। बताया जाता है कि कई मेडिकल स्टोर संचालक जांच की सूचना मिलते ही दुकानों के शटर बंद कर इधर-उधर चले गए। विभागीय टीम ने करीब आधा दर्जन मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर दवाइयों की गुणवत्ता और बिक्री संबंधी अभिलेखों की जांच की।

 

फोटो – कालपी में मेडिकल स्टोर का निरीक्षण करतीं औषधि निरीक्षक रेखा सचान।

Leave a Reply