जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन स्थानीय कोतवाली परिसर में स्थित अतिथि गृह में क्षेत्राधिकारी सदानंद सिंह की अध्यक्षता में पत्रकारों एवं पुलिस अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस और पत्रकारों के बीच आपसी तालमेल एवं संवाद को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान नगर की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
मंगलवार को आयोजित बैठक में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस और पत्रकार समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दोनों के बीच बेहतर सामंजस्य और आपसी सहयोग रहने से क्षेत्र की समस्याओं को समय रहते सामने लाने तथा उनके समाधान में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के माध्यम से क्षेत्र की जमीनी समस्याओं की जानकारी पुलिस प्रशासन तक पहुंचती है, जिससे आवश्यक कदम उठाने में सुविधा होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी पुलिस प्रशासन और पत्रकारों के बीच समय-समय पर समन्वय बैठक आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि आपसी संवाद बना रहे।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी सदानंद सिंह ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करना पुलिस प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। अपराधी एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, मुख्य मार्गों एवं बाजारों में व्याप्त अतिक्रमण की समस्या पर अंकुश लगाने तथा सुरक्षा की दृष्टि से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आपसी सहयोग और जनजागरूकता को आवश्यक बताया।क्षेत्राधिकारी ने पत्रकारों से भी अपील की कि क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव का वातावरण बनाए रखने में सकारात्मक भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन जनसमस्याओं के समाधान और अपराध नियंत्रण के लिए लगातार प्रयासरत है। आम नागरिकों की सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग जरूरी है। पत्रकारों ने भी नगर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, सुरक्षा तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के सामने रखा। अधिकारियों ने इन समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में अमन-चैन एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना रहा।इस मौके पर एडीशनल इंस्पेक्टरों अवनीश कुमार सुनील कुमार के अलावा डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब कालपी तहसील अध्यक्ष सलीम अंसारी, नगर अध्यक्ष राज नारायण शुक्ला, महामंत्री अमित कुमार यादव, नगर उपाध्यक्ष राजाबाबू ओमरे, फहीम खान, अमीर हसन अंसारी, मुस्ताक अंसारी, विकास सिंह, श्यामू पाल, संतोष राठौर, पंकज ठाकुर, राजकुमार चौरसिया, देव पटेल, रेहान रजा, दीपक शर्मा, प्रशांत शुक्ला, शोभित पांडे, मनोज पांडे, सतीश द्विवेदी, शिवांग शुक्ला, आदि पत्रकारों ने विचार व्यक्त किया।
फोटो- बैठक में मौजूद क्षेत्र अधिकारी कोतवाल तथा पत्रकार
