उरई /जालौन तेज गति और लापरवाही से चल रही लोडर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना रामपुरा क्षेत्र के ग्राम जगम्मनपुर निवासी विकास (19 वर्ष) पुत्र नरेश सिंह उर्फ लालू चंदेल गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे रामपुरा से अपनी नीले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP 92 K 2199) से फूल लेकर अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह जगम्मनपुर मार्ग पर मई मोड़ के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार लोडर (UP 92 AT 9383) ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास के सिर में गंभीर चोट आई और पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही एंबुलेंस पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की असामयिक मृत्यु की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। विकास तीन भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार का लाडला था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां-बाप और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाले लोडर वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
