अमित गुप्ता
उरई जालौन
उरई (जालौन)। डकोर विकास खंड क्षेत्र के खंड संख्या-5 बंधौली स्थित बेतवा नदी बालू घाट पर झांसी से आए कोमल यादव नामक बालू कारोबारी द्वारा कब्जा जमाए जाने की चर्चाएं क्षेत्र में तेज हो गई हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि घाट पर बाहरी लोगों का दबदबा बढ़ने से अवैध खनन गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है और नियमों की अनदेखी कर बड़े पैमाने पर बालू का उठान किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बालू खनन के नाम पर किसानों की कृषि भूमि और खेतों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। आरोप है कि भारी मशीनों और वाहनों की आवाजाही से खेतों के रास्ते प्रभावित हो रहे हैं, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग उठाई है।
बताया जाता है कि बेतवा नदी क्षेत्र में पूर्व में भी अवैध खनन को लेकर कई शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि खनन कार्य निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं खनन विभाग से मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।हालांकि, कोमल यादव अथवा संबंधित विभाग की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। प्रशासनिक जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने उजागर हो पायेगी।
