भाजपा की नीतियों से जनता परेशान, बदलाव के लिए तैयार रहें सपाजन : नरेश उत्तम पटेल - Aaj Tak Media

भाजपा की नीतियों से जनता परेशान, बदलाव के लिए तैयार रहें सपाजन : नरेश उत्तम पटेल

 

अमित गुप्ता

उरई जालौन

 

उरई (जालौन) समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय इकलासपुरा रोड पर आयोजित कार्यकर्ता बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नरेश उत्तम पटेल ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश और देश की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अभी से पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रिय होने का आह्वान किया।

नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी लगातार जनहित के मुद्दों को उठाकर जनता की आवाज बन रही है। उन्होंने कहा कि सपा के बढ़ते जनाधार से भाजपा घबराई हुई है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव कभी भी घोषित हो सकते हैं, इसलिए अभी से मतदाता सूची का गहन परीक्षण करें। जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, उन्हें जुड़वाने तथा जिनके नाम या विवरण में त्रुटि है, उसे सही करवाने का अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी जीत की सबसे बड़ी कुंजी है।

बैठक को संबोधित करते हुए एमएलसी मानसिंह यादव ने भी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों और जनता के समर्थन के बल पर आगामी चुनाव में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। बैठक की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने की। इस अवसर पर जिला महासचिव जमालुद्दीन पप्पू, लाखन सिंह कुशवाहा, महेश शिरोमणि दोहरे, भानू राजपूत, बृजमोहन उर्फ बब्लू (पूर्व प्रधान नरछा), अमित अहिरवार, पंकज दीक्षित जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply