जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/ जालौन स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम देवकली में साधु के वेश में आए दो ठगों ने पूजा-पाठ के नाम पर एक दंपती को झांसे में लेकर महिला का मंगलसूत्र, कान के बाले और एक हजार रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली कालपी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
उक्त मामले को लेकर ग्राम देवकली निवासी सुखराम पुत्र रमेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे वह अपने घर पर थे। इसी दौरान बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल से आए साधु के वेशधारी दो व्यक्ति उनके दरवाजे पर पहुंचे और पानी मांगा। पानी पीने के बाद दोनों ने सुखराम और उनकी पत्नी ज्योति को बुलाकर कहा कि उनके घर पर बड़ा संकट है, जिसे दूर करने के लिए विशेष पूजा करनी होगी।दोनों ने एक कागज में पांच रुद्राक्ष रखकर दिए और पूजा के बहाने महिला से मंगलसूत्र, कान के बाले तथा एक हजार रुपये हाथ में रखने को कहा। इसके बाद दंपती को 151 चावल गिनने में लगा दिया। जब दोनों चावल गिनने में व्यस्त हो गए, तभी कथित साधु जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।पीड़ित परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन दोनों ठगों का कोई पता नहीं चला। ग्रामीणों ने बताया कि इसी तरह के दो व्यक्ति उनके घरों पर भी पहुंचे थे।कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रामजी लाल द्वारा की जा रही है।
