जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी, जालौन
कालपी/ जालौन शनिवार की दोपहर कालपी-मगरौल मार्ग पर पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मगरौल के वाहन तथा सवारियों से भरी वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में वैन सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विकासखंड क्षेत्र के ग्राम गुढ़ा खास स्थित निजी इंटर कॉलेज में पढ़ाने वाली शिक्षिकाएं दोपहर के समय वैन से कालपी लौट रही थीं। इसी दौरान जोंधर पुल के पास विपरीत दिशा से आ रहे पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मगरौल के वाहन से वैन की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी लगने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।इस दुर्घटना में विनीता, पुत्री कौशल उम्र 35 वर्ष निवासी मोहल्ला मनीगंज कालपी, प्रिया पुत्री वीर सिंह 20 वर्ष निवासी बड़ागांव हाल मुकाम इंदिरा नगर कालपी तथा अंशिका पुत्री वीरेंद्र 21 वर्ष निवासी कांगजीपुरा कालपी समेत करीब आधा दर्जन सवारियां घायल हो गईं।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी पहुंचाया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए विनीता, प्रिया और अंशिका को जिला अस्पताल उरई के लिए रेफर कर दिया गया।चिकित्साधिकारी डा अशोक कुमार द्वारा घटना का शासकीय मेमो आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए कालपी कोतवाली भेज दिया गया है।
फोटो — दुर्घटना में घायल लोगों का उपचार करते चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार
