अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन
ऐंधा (एट) सावन माह के पावन अवसर पर डकोर ब्लॉक के ग्राम ऐंधा में सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सिला घाट से पवित्र जल भरकर ग्राम ऐंधा स्थित बड़ी माता मंदिर तक विशाल डाक कांवड़ यात्रा निकाली गई। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे रास्ते हर-हर महादेव, बम-बम भोले और जय भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा।सुबह से ही शिवभक्त सिला घाट पहुंचने लगे।श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पवित्र जल भरा और कांवड़ लेकर बड़ी माता मंदिर के लिए रवाना हुए। डाक कांवड़ होने के चलते शिवभक्त पूरे उत्साह और जोश के साथ निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ते रहे। यात्रा में युवाओं के साथ बुजुर्ग और अन्य श्रद्धालु भी शामिल रहे।कांवड़ यात्रा का ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत कर अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं के लिए रास्ते में पानी, शरबत एवं अन्य पेय पदार्थों की व्यवस्था की गई। भक्ति गीतों और भोलेनाथ के जयकारों के बीच निकली यात्रा ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना दिया।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोटरा थाना पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मी यात्रा के दौरान मौके पर मौजूद रहे और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं संभालते नजर आए।बड़ी माता मंदिर पहुंचने के बाद कांवड़ियों ने पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार, गांव और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरा वातावरण भोलेनाथ की भक्ति में डूबा नजर आया।आयोजकों ने बताया कि सावन के पावन महीने में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और आस्था प्रकट करने के उद्देश्य से कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे, सहयोग और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया।इस अवसर पर ग्राम प्रधान शिशुपाल राजपूत, जिला पंचायत सदस्य हरिहर राजपूत, सुरेंद्र पाल, देवीशरण पाल, अमित चौधरी, देवेश राठौर, विशाल राजपूत, गोलू राजपूत, मंगल राजपूत,हर्षित विश्वकर्मा, निहाल विश्वकर्मा, मनीष राजपूत, जोगेंद्र पाल, मानवेंद्र पाल, छोटू पाल, धर्मेंद्र पाल, रविंद्र राठौर, मयंक राठौर, राहुल कुशवाहा के के राजपूत,सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शिवभक्त मौजूद रहे।कांवड़ यात्रा के दौरान गूंजते हर-हर महादेव के जयकारों से ऐंधा सहित आसपास का पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था ने सावन की इस यात्रा को यादगार बना दिया।
