कोंच (जालौन) कैलिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक दंपती को लूट लिया। बदमाश महिला के सोने-चांदी के आभूषण और पर्स में रखे 13 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। वारदात पहाड़ चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर पहाड़गांव और नरी के बीच हुई। घटना के बाद पीड़ित दंपती ने रोते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कैलिया पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पहाड़गांव निवासी अनिल सीरौठिया अपनी पत्नी सरिता के साथ जालौन के बिरहरा गांव में त्रयोदशी भोज में शामिल होने गए थे। वहां से दोनों अपने गांव पहाड़गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़गांव और नरी के बीच बाइक सवार लुटेरों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने दंपती पर तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी देकर लूटपाट शुरू कर दी।
लुटेरे महिला सरिता के गले से मंगलसूत्र, सोने का पेंडिल सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण लूट ले गए। इसके अलावा महिला के पर्स में रखे 13 हजार रुपये भी छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद दंपती ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कैलिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़ित दंपती सरिता और अनिल सीरौठिया कैलिया थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस चौकी के नजदीक हुई इस वारदात से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
