Loading market...

कागज फैक्ट्री में भड़की आग,जलकर राख हुआ लाखों का माल

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)।

 

कालपी /जालौन नगर के निकासा पुरा मोहल्ले में गुरुवार दोपहर एक कागज फैक्ट्री में अचानक आग लगने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा लपटों और धुएं से घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए उरई से भी दमकल वाहन बुलाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार निकासा पुरा निवासी तुलसीराम कोष्टा की कागज फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। फैक्ट्री के एक हिस्से से उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। परिसर में कच्चा माल, रॉ मैटेरियल और पल्पशीट का भारी स्टॉक रखा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आसपास के लोगों ने धुआं और लपटें उठती देख इसकी सूचना फैक्ट्री संचालक तथा अग्निशमन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग की भयावहता और फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील सामग्री को देखते हुए उरई से अतिरिक्त दमकल वाहन मंगवाया गया। इसके बाद दो दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास किए जाने लगे।

अग्निशमन विभाग के प्रभारी अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों की टीम लगातार जुटी हुई है। फैक्ट्री में कागज, पल्प और कच्चे माल का अधिक स्टॉक होने के कारण आग बुझाने में कठिनाई आ रही है। टीम पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रही है।

इस अग्निकांड में फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का कच्चा माल और अन्य सामान नष्ट होने का अनुमान है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद निकासा रोड और आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा।

 

फोटो : कालपी की कागज फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत करते दमकलकर्मी।

Leave a Reply