कोंच (जालौन) उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रदेशीय आह्वान पर शनिवार को तहसील के लेखपालों ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील समाधान दिवस का बहिष्कार किया। लेखपालों ने तहसील परिसर में एक दिवसीय धरना देकर क्रमिक आंदोलन शुरू किया और मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इसके बाद लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अभिनव कुमार यादव को सौंपा।
शनिवार को लेखपालों ने समाधान दिवस के कार्य का बहिष्कार कर तहसील परिसर में धरना दिया। लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष चंद्रप्रकाश साहू ने बताया कि प्रदेश संगठन के आह्वान पर मांगों को लेकर क्रमिक आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संघ की प्रमुख मांगों में लेखपालों को 2800 ग्रेड पे दिए जाने और अंतरमंडलीय स्थानांतरण की व्यवस्था किए जाने सहित कुल आठ मांगें शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि मांगों के निस्तारण के लिए प्रदेश स्तर पर आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोंच तहसील में भी लेखपालों ने समाधान दिवस का बहिष्कार कर धरना दिया। लेखपालों ने सरकार से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। धरने के बाद लेखपालों ने एसडीएम अभिनव कुमार यादव को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
