जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बैरई में खेत की मेड़ तोड़ने का विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
उक्त मामले में पीड़ित ग्राम बैरई निवासी नरेंद्र कुमार ने न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट, कालपी में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। अदालत के आदेश पर वादी की शिकायत पर कोतवाली कालपी में मुकदमा दर्ज कराते हुए अवगत कराया है कि दिनांक 19 -10- 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह अपने खेत पर गए थे। वहां ग्राम बैरई निवासी आरोपीगणों संजय उर्फ पिल्लू , राहुल व मोहन तथा ग्राम सिकरी रहमानपुर थाना चुर्खी निवासी अंजनी ने कथित रूप से प्रार्थी के खेत की मेड़ तोड़ रहे थे।जब प्रार्थी ने उन्हें मेड़ तोड़ने से मना किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी तथा एकजुट होकर लाठी-डंडों व हाथ-पैर से मारपीट की। जिससे प्रार्थी का हाथ फ्रैक्चर हो गया। शरीर पर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। शिकायती पत्र के माध्यम से इस घटना की सूचना थाना कालपी पुलिस, क्षेत्राधिकारी कालपी और रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक जालौन को भी दी गई थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज न होने पर न्यायालय की शरण ली गई। अब न्यायालय के आदेश पर सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना की प्रक्रिया शुरू की गई है।
