कोंच (जालौन) कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी प्रीति बरार ने दो लोगों पर अपने पति को गोदाम में बंद कर मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने, गला दबाकर हत्या करने और बाद में शव को फांसी पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने गुरुवार सुबह 11:30 बजे पुलिस को तहरीर देकर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, ग्राम पड़री निवासी प्रीति बरार के पति भूरे बरार पुत्र खेमराज 28 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे घर पर थे। आरोप है कि इसी दौरान पप्पू पुजारी उनके घर पहुंचा और बुद्धी अग्रवाल पुत्र केशव अग्रवाल द्वारा पड़री स्थित गोदाम पर बुलाए जाने की बात कहकर भूरे को अपने साथ ले गया।
प्रीति का आरोप है कि गोदाम में पहुंचने के बाद दोनों व्यक्तियों ने उनके पति को बंद कर मारापीटा, जातिसूचक अपशब्द कहे और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को दूसरा रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया गया। पीड़िता ने कोंच कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
