जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शातिर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के मोबाइल पर अज्ञात लिंक भेजकर उनके बैंक खाते से 3 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला हरीगंज कोतवाली कालपी निवासी जगमोहन सिंह पुत्र जनक सिंह के पास दिनांक 15 -11- 2026 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लिंक आया था। ‘पी.एम. आवास चेक किस्त’ के नाम पर भेजी गई इस लिंक को जैसे ही पीड़ित ने ओपन किया, उसके कुछ ही देर बाद उनके केनरा बैंक कालपी स्थित खाते से अनाधिकृत रूप से पैसे कटने लगे। पीड़ित के मुताबिक ठगों ने सुनियोजित तरीके से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए बड़ी रकम हड़पी। पहला ट्रांजेक्शन UPI आईडी के माध्यम से 48 हज़ार रुपए जो बैंक ऑफ बड़ौदा में ट्रांसफर हुआ।
दूसरा ट्रांजेक्शन UPI आईडी के माध्यम से 2,50,217 जो इंडसइंड बैंक में ट्रांसफर हुआ। इस प्रकार कुल 2,98,217 की धोखाधड़ी ऑनलाइन लिंक के माध्यम से की गई है। पीड़ित जगमोहन सिंह ने स्थानीय कोतवाली कालपी के प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र सौंपते हुए मामले की रिपोर्ट दर्ज करने और तुरंत कानूनी कार्रवाई कर ठगी गई रकम को वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस के द्वारा मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
फोटो – आनलाइन ठगी से पीड़ित व्यक्ति
