कानपुर देहात में राष्ट्रीय लोक अदालत का हुआ भव्य आयोजन - Aaj Tak Media

कानपुर देहात में राष्ट्रीय लोक अदालत का हुआ भव्य आयोजन

2.39 लाख से अधिक वादों का निस्तारण, ₹13.31 करोड़ की धनराशि वसूली व क्षतिपूर्ति दिलाई गई

कानपुर देहात, 13 सितम्बर 2025।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के तहत शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर कानपुर देहात में राष्ट्रीय लोक अदालत एवं आर्बिट्रेशन की विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रभारी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री रजत सिन्हा के निर्देशन में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय श्रीमती कल्पना द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम में समस्त न्यायिक अधिकारीगण, मुख्य चिकित्साधिकारी कानपुर देहात, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन अपर जिला जज/नामित सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री हिमांशु कुमार सिंह ने किया।

प्रमुख उपलब्धियाँ

  • परिवार न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश श्रीमती कल्पना द्वारा लगाए गए 52 वादों में से 45 का निस्तारण किया गया, वहीं श्री आलोक कुमार शुक्ल ने 55 वादों में से 33 का निस्तारण किया और 9 वैवाहिक जोड़ों को पुनः साथ रहने के लिए विदा किया गया।

  • स्थायी लोक अदालत ने 14 वादों में से 2 का निस्तारण करते हुए ₹7 लाख की क्षतिपूर्ति दिलाई।

  • अपर जिला जज चतुर्थ श्री अजय कुमार सिंह-II ने 273 वादों में से 271 का निस्तारण किया तथा ₹17,000 की वसूली की।

  • मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री रणविजय सिंह ने 9637 वादों में से 3580 का निस्तारण किया और ₹3.24 लाख की वसूली की।

  • सिविल जज (सी.डी.) श्रीमती अर्चना तिवारी-II ने 39 वादों में से 13 का निस्तारण किया और ₹13.46 लाख की क्षतिपूर्ति दिलाई।

  • न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री दीपक कुमार ने 477 वादों में से सभी 477 का निस्तारण कर ₹44,700 की वसूली की।

  • जज (जू.डी.) श्री अंकुर सोलंकी ने 26 वादों का निस्तारण कर ₹13.51 लाख की क्षतिपूर्ति दिलाई।

  • विभिन्न बैंकों व फाइनेंस कंपनियों द्वारा रिकवरी के 11,487 वाद लगाए गए, जिनमें से 1330 का निस्तारण कर ₹12.89 करोड़ की बैंक रिकवरी की गई।

स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं का लाभ

  • मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि 24,385 व्यक्तियों को आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड व अन्य स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिला।

  • जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती गीता सिंह ने कहा कि 91,847 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

तहसीलों में भी निस्तारण

जनपद की सभी 6 तहसीलों में लोक अदालत आयोजित हुई, जिसमें 13,523 वादों का निस्तारण किया गया। साथ ही, जनपद न्यायालय के अधीन कानपुर नगर की तहसील घाटमपुर व बिल्हौर में क्रमशः 6059 और 7279 वादों का निस्तारण हुआ। इस प्रकार तहसीलों से कुल 26,861 वाद निस्तारित किए गए।

समग्र परिणाम

आज की राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, उत्तराधिकार, राजस्व वाद तथा लघु फौजदारी मामलों सहित कुल 2,39,908 वादों का निस्तारण किया गया।
साथ ही ₹13.31 करोड़ से अधिक की धनराशि अर्थदंड एवं क्षतिपूर्ति के रूप में वसूली गई।

माननीय प्रभारी जनपद न्यायाधीश श्री रजत सिन्हा और नामित सचिव श्री हिमांशु कुमार सिंह के सफल निर्देशन एवं कुशल संचालन में यह आयोजन सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply