गौसेवा आयोग व जिलाधिकारी ने दिए निर्देश, किसानों को प्रेरित कर होगी आत्मनिर्भरता की ओर पहल
जालौन, 16 सितम्बर 2025 (सूचना विभाग प्रकाशनार्थ)।
जनपद जालौन अब गोवंश सेवा और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर प्रदेश में नई मिसाल कायम करने जा रहा है। विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक में गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और आयोग के सदस्य राजेश सिंह सेंगर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लॉक से एक गांव को जैविक एवं प्राकृतिक खेती का मॉडल गांव बनाया जाएगा। इस कार्य को संबंधित अधिकारी गोद लेकर विकसित करेंगे।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री गोवंश सहभागिता योजना के तहत प्रत्येक संरक्षित गोवंश पर प्रतिमाह ₹1500 की धनराशि दी जाती है। सभी ब्लॉकों में विशेष कैंप लगाकर किसानों को प्रेरित किया जाएगा और दो-दो गायें सुपुर्द की जाएंगी। किसानों से कहा गया कि वे गोबर व गोमूत्र से जीवामृत, घनामृत और बीजामृत तैयार कर खेतों में प्रयोग करें, जिससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी, रसायनमुक्त फसलें तैयार होंगी और परिवार का स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहेगा।
गौसेवा आयोग अध्यक्ष ने किसानों से आह्वान किया कि हर किसान कम से कम दो गाय जरूर पाले, जिससे दूध, दही और घी का सेवन कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाई जा सके। गौशाला संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे आत्मनिर्भर बनने के लिए गोबर से बायोगैस, जैविक खाद, लकड़ी, गमले और अन्य उत्पाद तैयार करें।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के लिए 300 एकड़ भूमि हरे चारे हेतु चिन्हित की गई है। घायल गोवंशों की सेवा के लिए चलित अस्पताल वाहन, गौशालाओं में केयरटेकर और अभिलेख कक्ष निर्माण की योजना भी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि जनपद की गौशालाएं पहले से ही प्रदेश में उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। यहां सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था से पारदर्शिता और देखभाल सुनिश्चित हो रही है।
जिलाधिकारी ने अपील की कि जनपदवासी गोवंश को गौमाता का स्वरूप मानकर सेवा करें और प्राकृतिक खेती में जीवामृत का प्रयोग कर जालौन को गौसेवा व आत्मनिर्भर कृषि का आध्यात्मिक केन्द्र बनाने में सहयोग दें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
