ओलावृष्टि व बारिश से बर्बाद फसलों के मुआवज़े की मांग को लेकर सांसद व पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन - Aaj Tak Media

ओलावृष्टि व बारिश से बर्बाद फसलों के मुआवज़े की मांग को लेकर सांसद व पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन

 

अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन

 

उरई जालौन। क्षेत्र में लगातार हो रही ओलावृष्टि व तेज बारिश से किसानों की फसलें बुरी तरह चौपट हो गई हैं। गेहूं, चना, मसूर सहित रबी की अधिकांश फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए सांसद जालौन-भोगनीपुर-गरौठा नारायण दास अहिरवार के नेतृत्व में सपा का एक प्रतिनिधिमंडल आज कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष दीपराज गुर्जर सहित सपा के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सांसद अहिरवार ने कहा कि ओलावृष्टि और बरसात ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई गांवों में फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं, जिससे किसान आर्थिक संकट में हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि राजस्व टीमों द्वारा तुरंत सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को बिना देरी राहत राशि उपलब्ध कराई जाए।

जिला अध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने भी किसानों की समस्या रखते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा से त्रस्त किसान आज अत्यंत दुखी हैं, ऐसे समय में सरकार और प्रशासन को संवेदनशील होकर उनके साथ खड़ा होना चाहिए। सपा प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में मांग की है कि नुकसान का सही-सही आकलन कर मुआवजा राशि जल्द से जल्द किसानों के खातों में भेजी जाए।

सांसद ने यह भी कहा कि वह स्वयं इस मुद्दे को शासन स्तर पर उठाएंगे, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई।

इस मौके पर ओर भी सपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply