कालपी (जालौन) नगर में साप्ताहिक बंदी को लेकर सैलून कारोबारियों ने गुरुवार को एकजुटता का परिचय देते हुए कड़ा रुख अपनाया। निर्धारित साप्ताहिक बंदी के दिन सभी सैलून बंद रखे गए और इसके पालन को सुनिश्चित कराने के लिए कारोबारियों ने कोतवाली कालपी पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र सौंपा।
प्रार्थना पत्र में कारोबारियों ने मांग की कि सैलून व्यवसाय के लिए गुरुवार को लागू साप्ताहिक बंदी का कड़ाई से पालन कराया जाए। साथ ही, बंदी के दिन दुकान खोलने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि नियमों की अनदेखी पर रोक लग सके।
मौके पर मौजूद दुकानदार अनीस अहमद ने बताया कि सैलून कामगारों के लिए गुरुवार को साप्ताहिक बंदी कई वर्षों से निर्धारित है, लेकिन पिछले कुछ महीनों से कुछ लोग नियमों की अवहेलना करते हुए अपनी दुकानें खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे दुकानदार न केवल नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, बल्कि अन्य कारोबारियों के हितों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस संबंध में उनके पास वीडियो प्रमाण भी उपलब्ध हैं, जो प्रशासन को सौंपे जा सकते हैं।
कारोबारियों ने प्रशासन से मांग की कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ठोस और दंडात्मक कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में कोई भी व्यापारी बंदी के नियमों को नजरअंदाज न कर सके। प्रार्थना पत्र में एक दुकानदार का नाम भी उल्लेखित करते हुए उसके खिलाफ विशेष रूप से कार्रवाई की मांग की गई है।
इस दौरान सब्बू सलमानी, अमरदीप ओमरे, आरिफ सलमानी, नौशाद सलमानी, किट्टू सलमानी, लाला सूफी, गोलू सलमानी, छोटू सलमानी, अरशद सलमानी, अय्यूब सलमानी, कामिल सलमानी सहित लगभग दो दर्जन सैलून कामगार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि साप्ताहिक बंदी का पालन सभी के हित में है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कारोबारियों की इस एकजुटता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पर अब इस मामले में प्रभावी कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। वहीं, शहर में इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का माहौल भी गर्म दिखाई दे रहा है।
