कोंच (जालौन) कोतवाली क्षेत्र निवासिनी एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट कर घर से निकालने और गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने शनिवार दोपहर 12:30 बजे थाना समाधान दिवस में न्यायिक तहसीलदार को शिकायती पत्र देकर घटना की शिकायत की है।
शिकायत के अनुसार, घटना 11 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे की है। आरोप है कि ससुर पप्पू, जेठ मुबीन, देवर मुजीब व अमीन, जेठानी मुस्कान के भाई हसन सहित अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि मारपीट में उसके सिर, हाथ-पैर में चोटें आईं और अंदरूनी चोट भी लगी। आरोप है कि घटना के दौरान कुछ मोहल्ले के लोग भी वहां मौजूद थे।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसकी 14 वर्षीय छोटी बहन अलशिफा उसे खाना देने ससुराल पहुंची तो जेठानी के भाई हसन ने उसे पकड़कर छीनाझपटी की और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गुप्त अंगों को छुआ। शिकायत में आरोपियों के नशे का आदी होने की बात भी कही गई है। पीड़िता ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है।
