दो माह से वेतन न मिलने पर आउटसोर्सिंग संविदा कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन - Aaj Tak Media

दो माह से वेतन न मिलने पर आउटसोर्सिंग संविदा कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन

 

अमित गुप्ता

उरई जालौन

 

उरई (जालौन) आउटसोर्सिंग संविदा कर्मियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपते हुए बकाया वेतन दिलाए जाने की मांग की। कर्मचारियों का आरोप है कि टीडी उरई के अंतर्गत विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों पर कार्यरत कर्मियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

ज्ञापन में बताया गया कि एम.एस.आर.के. कॉन्ट्रैक्टर के प्रोपराइटर राजेश पाल के माध्यम से कर्मचारी विभिन्न सब-स्टेशनों पर कार्य कर रहे हैं, लेकिन लंबे समय से वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि वेतन की मांग करने पर उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती है।

संविदा कर्मियों ने कहा कि वे बिजली विभाग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में लगातार सेवाएं दे रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके, लेकिन वेतन न मिलने से उनके परिवारों के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप कर शीघ्र बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। इस अवसर पर सुघर सिंह, विकास, राघवेंद्र सिंह, राजू, भूपेंद्र, गोटीराम, हर्षित, देवेंद्र कुमार, राहुल, दीपक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply