जिला संवाददाता अमित गुप्ता
जालौन। माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देशों और अपर पुलिस महानिदेशक यातायात के निर्देशों के क्रम में जनपद जालौन में “Meet & Greet” विशेष अभियान के तहत रोडवेज, स्लीपर एवं एसी बसों की सघन चेकिंग की जा रही है।
इसी क्रम में टोल प्लाजा उसाका, आटा पर यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह और थाना आटा प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ बसों की चेकिंग की। इस दौरान बसों में अग्निशामक यंत्र, इमरजेंसी एग्जिट, आपातकालीन सुरक्षा उपकरण सहित अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता जांची गई।
रात्रिकालीन बस संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा और सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं, बालिकाओं और बच्चियों से संवाद कर यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यात्रियों को किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने बस संचालकों एवं चालकों को निर्धारित यातायात और सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार यात्री सुरक्षा, विशेषकर महिलाओं, वृद्धों और बच्चों की सुरक्षा तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
